रोहित नाथ है लवलेश का बड़ा भाई
शासन से गठित एसआईटी ने हत्या से जुड़े हर बिंदु पर जांच शुरू कर दी। एसआईटी ने लवलेश के छह दोस्तों और परिवार वालों से पूछताछ की। अब उसके खर्चों पर नजर है। नाथ संप्रदाय मठ में संत बन चुके लवलेश के बड़े भाई रोहित नाथ तिवारी और लखनऊ में रह रहे मंझले भाई मोहित तिवारी का ब्योरा भी पुलिस जुटा रही है।
परिवार वालों के खातों की भी हो रही है जांच
लवलेश के बैंक खाते की डिटेल सहित उसके हर खर्च का हिसाब-किताब लिया जा रहा है। कब, किसने, कितने पैसे और क्यों भेजे? इस पर छानबीन हो रही है। यही नहीं लवलेश के परिवार वालों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। बड़ा भाई रोहित भी लवलेश को खर्च के लिए पैसे देता था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
नदारद परिवार की पुलिस छिपा रही जानकारी
लवलेश के परिवार का पांच दिनों से कोई पता नहीं है। सुरक्षा का हवाला देकर पुलिस भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं दे रही है। अलबत्ता सुरक्षित स्थान में होने की बात कही जा रही है। माफिया अतीक-अशरफ हत्याकांड के अगले ही दिन लवलेश के क्योटरा स्थित किराए के घर और लौमर (चिल्ला) गांव स्थित पैतृक घर में पुलिस तैनात कर दी गई थी।
500 रुपये रोज का था खर्च, लालच में उठाया कदम
लवलेश की हर हरकत से रूबरू पड़ोसियों का कहना है कि संत बन चुके बड़े भाई रोहित नाथ को वह बहुत चाहता था। सोशल मीडिया में भी सबसे ज्यादा भाई के साथ की फोटो पोस्ट करता था। खर्चे के लिए पैसों की जरूरत होने पर लवलेश उसी से मांगता था।
पिता नहीं कर पाते थे खर्चे पूरे
उसके पिता बस ड्राइवर होने से उसके खर्चे पूरे नहीं कर पाते थे। लवलेश नशे का आदी था। रोजाना उसका 500 रुपये से ज्यादा खर्च था। इसकी पूर्ति के लिए वह तमाम तिकड़म अपनाता रहता था। शायद पैसों की लालच में ही उसने इतना बड़ा कदम उठाया हो।
लोगों में हनक जमाना लवलेश को था पसंद
शहर के क्योटरा में किराए के घर में पला-बढ़ा लवलेश तिवारी हाईस्कूल के बाद से ही अपनी हनक जमाने लगा था। उसे दोस्त बनाना अच्छा लगता था। उसका मानना था कि उसे ज्यादा से ज्यादा लोग जानें। हर गली में उसके दोस्त हों। अपने मंसूबे के मुताबिक वह ऐसा करता भी था।
एसआईटी ने दोस्तों व परिवार से ली करतूतों की जानकारी
माफिया अतीक-अशरफ हत्याकांड में शामिल लवलेश तिवारी के दोस्तों से एसआईटी ने उसकी करतूतों के बारे में पूछताछ की। सन्नी सिंह से मुलाकात और बंदूक की जानकारी समेत कई बिंदुओं पर जानकारी ली। दोस्तों के हवाले से टीम ने उसकी हर आदतों को डायरी में लिखा। उसके खर्च आदि और पैसों की भी जानकारी ली थी।