डॉ. समीर सर्राफ
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई के कार्डियोलॉजी विभाग में कार्यरत सहायक प्रोफेसर डॉ. समीर सर्राफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनको वित्तीय अनियमितता, सत्यनिष्ठा से कर्तव्यों का पालन न करने व नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है।
यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुल सचिव सुरेश चंद्र शर्मा ने दी। कुल सचिव ने बताया कि डॉ. समीर सहायक प्रोफेसर हैं। उनकी पत्रावलियों की जांच के लिए कुलपति प्रोफेसर डॉ. राजकुमार ने कमेटी का गठन किया था। कमेटी ने प्रथम दृष्ट्या डॉ. समीर सर्राफ को जांच में वित्तीय अनियमितता, सत्यनिष्ठा से कर्तव्यों का पालन न करने व नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया है।
इस रिपोर्ट के आधार पर डॉ. सर्राफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उच्च स्तरीय वाह्य सदस्यों की जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी डॉ. सर्राफ के खिलाफ एक ने शिकायत की थी। इस शिकायत की भी जांच की जा रही है।