फोटो-24 धूप का आनंद लेते संत सोमवारपुरी। संवाद
- फोटो : बंदी की मौत के बाद जिला अस्पताल में पुलिसकर्मी से घटना की जानकारी लेते परिजन।
फर्रुखाबाद/अमृतपुर। मां भागीरथी के पावन तट पर बसी धर्म व आस्था की नगरी इन दिनों पूरी तरह राममय हो गई है। एक माह तक चलने वाले कल्पवास में श्रद्धालु संयम, नियम और साधना के साथ आध्यात्मिक जीवन गुजार रहे हैं। कई दिनों बाद शुक्रवार दोपहर धूप निकलने से मेला क्षेत्र में रौनक बढ़ गई। आम दिनों से अधिक श्रद्धालु आए।
पांचाल घाट गंगा तट हजारों की संख्या में कल्पवासियों के तंबुओं में राम नाम की अविरल धारा बह रही है। सुबह चार बजे गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर प्रभु श्रीराम का स्मरण करते हुए अपने दिन की शुरुआत करते हैं। कथा पंडालों में प्रतिदिन रामकथा हो रही है, जहां कथा व्यास मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के आदर्श जीवन, त्याग, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रहे हैं। इससे वातावरण जय श्रीराम के जयघोष से गूंज रहा है। वहीं अनेक कल्पवासी अपनी राउटी के बाहर निकल रामायण का पाठ कर रहे हैं।
समूह में बैठकर रामचरितमानस की चौपाइयों का सस्वर पाठ करते श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आते हैं। कहीं मंजीरा और ढोलक की थाप पर भजन-कीर्तन चल रहा है तो कहीं साधु-संत ध्यानमग्न होकर राम नाम का जप कर रहे हैं। कई दिनों के बाद धूप निकली तो मेला क्षेत्र में रौनक दिखाई दी। कल्पवासी साधु-संत धूप में बैठकर आनंद ले रहे हैं। गंगा तट धर्म, भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा दिखाई दे रहा है, जहां हर ओर राम नाम गूंज रहा है।