उत्तर प्रदेश के कानपुर में सीसामऊ पुलिस ने मंगलवार देर रात पीछा करके अकबरपुर (कानपुर देहात) के बारा जोड़कर के पास अंग्रेजी शराब से लदा एक ट्रक पकड़ा है। करीब 50 लाख की यह शराब हरियाणा से बिहार तस्करी कर ले जाई जा रही थी। मामले में सेना के जवान और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया है।
एक सूचना पर सीसामऊ थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्या ने मंगलवार रात टीम के साथ एक ट्रक का पीछा किया। बारा जोड़ के पास पुलिस ने ट्रक को रोक लिया। इसकी जानकारी अकबरपुर कोतवाली प्रभारी ऋषिकांत शुक्ला को दी। कुछ ही देर में ऋषिकांत भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने मुबारकपुर गांव, सिकंदरा निवासी चालक बालकृष्ण राठौर और परिचालक उसके बेटे आनंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
बालकृष्ण सेना की 61 इंजीनियर रेजीमेंट कोटा, राजस्थान में तैनात है। ट्रक की तलाशी में अलग-अलग ब्रांड की 655 पेटियों में 7,860 बोतल हरियाणा की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बालकृष्ण ने पुलिस को बताया कि वह हरियाणा से तस्करी कर शराब बिहार पहुुंचाता है। अकबरपुर पुलिस ने सीसामऊ थाना प्रभारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार दोपहर बाद पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया। वहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।