कानपुर। बर्रा-2 स्थित पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन स्कूल में मंगलवार को इंटर स्कूल 7-ए साइड हॉकी प्रतियोगिता हुई। इसमें आठ टीमों ने भाग लिया। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में आर्मी स्कूल, डीपीएस बर्रा और पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन स्कूल की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
हॉकी ग्राउंड में लीग कम नॉकआउट आधार पर खेले गए मैचों में पूर्णचंद्र बी टीम ने कैंट बोर्ड हाईस्कूल को 3-0 से हराया। दूसरे मैच में पूर्णचंद्र ए टीम ने आर्मी स्कूल को 3-0 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में डीपीएस बर्रा ने कैंट बोर्ड हाईस्कूल को 1-0 से हराया जबकि चौथे मैच में आर्मी स्कूल-ए ने डीपीएस-बी को 1-0 से मात दी। पांचवें मैच में आर्मी स्कूल ने कैंट बोर्ड हाईस्कूल को 1-0 से हराया।
प्रतियोगिता में बुधवार को छह मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला पूर्णचंद्र-बी बनाम आर्मी स्कूल-ए, दूसरा मैच कैंट बोर्ड और पूर्णचंद्र-ए के बीच, तीसरा मैच डीपीएस बर्रा बनाम कैंट बोर्ड के मध्य होगा।
चौथा मैच डीपीएस-बी बनाम कैंट बोर्ड, पांचवां मुकाबला पूर्णचंद्र बनाम डीपीएस-बी और छठवां मैच डीपीएस बर्रा बनाम पूर्णचंद्र-ए के बीच खेला जाएगा। इसके बाद पूल की विजेता टीमों के आधार पर श्रेष्ठ दो टीमें फाइनल में प्रवेश करेंगे। फाइनल मैच 30 अप्रैल को खेला जाएगा।