सात से 14 मार्च तक चलने वाली सेना भर्ती रैली के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। अब कानपुर नगर की तहसीलों के अभ्यर्थी 10 और 11 मार्च को कैंट के कैवेलरी ग्राउंड पहुंचेंगे। अभ्यर्थियों को पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से भर्ती स्थल तक मैप के पोस्टर और बैनर लगाए जाएंगे। इसके अलावा भर्ती स्थल पर बस, चिकित्सा, फोन, खाने-पीने के स्टाल भी लगेंगे। सिविल एरोड्रम में सुबह चार बजे से नौ बजे तक टोकन बांटे जाएंगे। इसके बाद बैच बनाकर अभ्यर्थियों को टेस्टिंग एरिया में भेजा जाएगा। भर्ती का नोडल अफसर एसीएम 2 को बनाया गया है। भर्ती स्थल पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
सोमवार को एडीएम सिटी अविनाश सिंह के कक्ष में सेना और प्रशासनिक अफसरों की बैठक हुई। इसमें नगर निगम और छावनी परिषद को पांच मार्च तक सफाई और मार्ग प्रकाश की व्यवस्था करने को कहा गया। भर्ती स्थल पर चार मोबाइल टॉयलेट लगवाए जाएंगे। अभ्यर्थियों के वाहनों की पार्किंग केंद्रीय विद्यालय की बाउंड्री के किनारे होगी। केस्को से सुबह तीन से सात बजे तक भर्ती स्थल की बिजली न काटने को कहा गया है। दो एंबुलेंस, डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ भी भर्ती स्थल पर रहेगा। रेलवे और बस स्टेशनों पर फोर्स तैनात रहेगी। बैठक में एडीएम सिटी अविनाश सिंह, कर्नल परमजीत बल, एसपी पूर्वी सोमेन वर्मा और अन्य विभागों के अफसर मौजूद रहे।
7 मार्च : चित्रकूट और महोबा। अभ्यर्थी-2200
8 मार्च : तहसील सिकंदरा, रसूलाबाद, डेरापुर जिला कानपुर देहात। अभ्यर्थी-3700
9 मार्च : तहसील भोगनीपुर, अकबरपुर जिला कानपुर देहात। अभ्यर्थी-7200
10 मार्च : तहसील नर्वल, सदर जिला कानपुर नगर। अभ्यर्थी-10,000
11 मार्च : तहसील बिल्हौर, घाटमपुर, जिला कानपुर नगर। अभ्यर्थी-5500
12 मार्च : जिला लखनऊ। अभ्यर्थी-4500
13 मार्च : जिला उन्नाव। अभ्यर्थी-8000 d 14 मार्च : ट्रेड मैन परीक्षा