फौजी की पत्नी अपनी दो बेटियों के साथ संदिग्ध हालात में लापता
कानपुर में चकेरी निवासी एक फौजी की पत्नी अपनी दो बेटियों के साथ संदिग्ध हालात में लापता हो गई है। फौजी के भाई ने बुधवार को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला के मोबाइल नंबर की सीडीआर के जरिए पड़ताल शुरू की है।
मूलरूप से फतेहपुर के गांव बटुआपुर निवासी श्याम कुमार पाल सेना में हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती जैसलमेर में है। परिवार में उनकी पत्नी शोभा व दो बेटियां सौम्या (11) व काम्या (8) हैं। बच्चों की पढ़ाई के कारण एक महीने पहले पूरा परिवार फतेहपुर से चकेरी में शिफ्ट हुआ था। चकेरी मोड़ के पास किराये पर मां व बेटियां रह रहीं थीं। दोनों बेटियां एक स्कूल में पढ़ाई कर रही हैं। शोभा 19 अप्रैल को दोपहर तीन बजे अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए बेटियों के साथ घर से निकली थीं।
सोमवार को स्कूल से श्याम कुमार के पास फोन आया कि उनकी बेटियां स्कूल नहीं आ रही हैं। जब श्याम ने पत्नी शोभा को फोन किया तो वह बंद था। जिसके बाद उन्होंने फतेहपुर निवासी अपने बड़े भाई दिनेश को जानकारी दी। दिनेश ने बताया कि शादी में शोभा पहुंची ही नहीं थी। जिसके बाद वह आनन-फानन में कानपुर आए और चकेरी थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर रणजीत राय ने बताया कि जांच की जा रही है। महिला व उनकी बेटियों का जल्द ही पता लगाया जाएगा।