कानपुर देहात में डीएम के निर्देश पर मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख, पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत पांच लोगों के सात लाइसेंस निलंबित कर नोटिस जारी किया गया है। डीएम ने पुलिस को शस्त्र जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि डीएम ने जिन असलहाधारियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत हैं, उनकी रिपोर्ट मांगी थी।
रिपोर्ट जाने के बाद डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने रसूलाबाद के ब्लॉक प्रमुख कुलदीप यादव की दोनाली बंदूक, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उदय प्रताप की रिवाल्वर व रायफल, महेरा गांव के अजय सिंह की रिवाल्वर, नैला कटरा के सपा नेता पुष्पेंद्र यादव की रिवाल्वर व रायफल, निभू गांव के गजेंद्र सिंह सेंगर की रिवाल्वर का लाइसेंस निलंबित कर नोटिस जारी किया है।
डीएम ने पुलिस से सभी के असलहे जमा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने गजेंद्र सिंह सेंगर की रिवाल्वर जमा करा ली है। पुलिस ने दिसंबर माह में 23 लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट डीएम को भेजी थी। फिलहाल डीएम ने पांच लोगों के सात लाइसेंस निलंबित कर नोटिस जारी किए हैं। इंस्पेक्टर शशि भूषण मिश्रा ने बताया कि फिलहाल एक शस्त्र जमा करा लिया गया है, अन्य शस्त्र जमा कराने की कार्रवाई की जा रही है।