कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने प्रदेश में जूनियर महिला क्रिकेट की संरचना को मजबूत करने की जिम्मेदारी पूर्व अंतरराज्यीय क्रिकेटर अर्चना मिश्रा को सौंपी है। अर्चना लंबे समय तक उत्तर प्रदेश महिला टीम की तरफ से खेल चुकी हैं और खिलाड़ी के साथ-साथ कोच तथा चयनकर्ता के रूप में भी यूपीसीए से जुड़ी रही हैं।
यूपीसीए ने उन्हें जूनियर महिला क्रिकेट डायरेक्टर नियुक्त किया है। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड और रेलवे महिला टीम की मुख्य कोच रह चुकी हैं। रामादेवी निवासी अर्चना राज्य की अग्रणी महिला खिलाड़ियों में शुमार हैं।
उन्होंने 2002 से कोचिंग और चयन के क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपनी दूसरी पारी शुरू की। अर्चना मिश्रा ने इंडिया चयन समिति के साथ भी काम किया है और उत्तर प्रदेश की अंडर-23, अंडर-19 और सीनियर महिला टीमों की मुख्य कोच के रूप में योगदान दिया है।