कानपुर देहात। कानपुर-टूंडला रेल खंड में भाऊपुर स्टेशन के करीब दो आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) की मंजूरी मिली है। यह जानकारी राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने दी। उन्होंने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के जरिये मंजूरी मिलने की जानकारी दी है।
अकबरपुर-रनियां विधानसभा क्षेत्र के भाऊपुर और आसपास के लोगों की आवाजाही समपार नंबर 85 व समपार संख्या 86 बी से होती है। क्रॉसिंग बंद होने पर लोगों को रुकना पड़ता है। कई बार थोड़ी-थोड़ी देरी पर कई ट्रेनों को निकालने के लिए देर तक क्रॉसिंग फाटक बंद रहता है तो जाम लगने की समस्या आती है। रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लगने और लंबे समय तक इंतजार की समस्या को देखते हुए राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पांच फरवरी 2026 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर भाऊपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे उपरगामी पुल (आरओबी) निर्माण की मांग की थी।
राज्यमंत्री की मांग पर रेल मंत्रालय ने कानपुर-टूंडला रेलखंड पर भाऊपुर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित समपार संख्या एलसी 85 (रेलवे किमी 1038/13-15) और एलसी नंबर 86बी (रेलवे किमी 1040/9-11) पर आरओबी निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है। रेल मंत्रालय ने दोनों पुलों की मंजूरी की जानकारी राज्यमंत्री को पत्र के जरिये दी है। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि भाऊपुर में दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने से वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम लगता है। वहीं, घंटों इंतजार करना पड़ता है। आरओबी बनने से समय बचेगा और जाम की समस्या का निदान हो जाएगा। अकबरपुर-रनियां क्षेत्र में कनेक्टिविटी और विकास के लिए यह आरओबी अहम होंगे। बजट जारी होने और टेंडर प्रक्रिया के बाद काम शुरू होने की उम्मीद है।