कानपुर देहात। रनियां खंड के तहत बारा, कुम्भी, रूरा और सरवनखेड़ा उपकेंद्र में चिह्नित 22 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की मंजूरी मिली है। स्वीकृत क्षमता के ट्रांसफार्मर लगने से ओवरलोड की स्थिति सुधरेगी। वहीं, फॉल्ट रुकने से निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सकेगी।
गर्मी में बिजली की मांग अधिक होती है। इधर ओवर लोड होने से ट्रांसफार्मर दगा देने लगते हैं। इससे कई-कई दिन बिजली गुल रहने की समस्या बनती है। बिजली गुल रहने से उपभोक्ता परेशान होते हैं वहीं बिजली निगम को भी राजस्व का नुकसान होता है। विद्युत खंड रनियां के तहत ओवरलोड की स्थिति वाले 10, 25, 63 और 100 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मरों के ओवर लोड होने पर आए दिन फॉल्ट से लोग परेशान थे। लोग ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की मांग कर रहे थे।
इस पर सर्वे के बाद कारोबार प्लान 2026-27 में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने का प्रस्ताव बनाया गया था। बिजली निगम के प्रबंध निदेशक ने चिह्नित किए गए ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसमें 10 केवी के एक ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कर 16 केवी की जानी है। 100 केवी के दो ट्रांसफार्मरों को 250 केवी में बदला जाना है। 25 केवी के 14 ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर 63 केवी की जानी है।
वहीं, 63 केवी के पांच ट्रांसफार्मरों की क्षमता 100 केवी किया जाना है। इससे इन ट्रांसफार्मरों से जुड़े करीब पांच हजार घरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सकेगी। यह काम इस साल के अंत तक पूरे कराए जाने की उम्मीद है। को वृद्धि की जानी है। इससे ओवर लोड की स्थिति नहीं होगी और निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सकेगी।
.............
बयान...
कारोबार प्लान में ओवर लोड चिह्नित ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की मंजूरी मिली है। स्वीकृत क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इससे फॉल्ट रुकेंगे और लोगों को सहूलियत होगी। - संदीप कुमार सिंह , मुख्य अभियंता विद्युत
................
क्षमता वृद्धि वाले ट्रांसफार्मरों पर एक नजर
सरवनखेड़ा उपकेंद्र में अहिरानी में 10 केवी ट्रांसफार्मर 16 केवी होगा। नारायनपुर, मड़वाई, बिराहिनपुर, बाबूरामपुरवा, गंगागंज, कठेठी में 25-25 केवी के एक-एक ट्रांसफार्मर की क्षमता 63 केवी होगी। कुम्भी उपकेंद्र में पतारी व आशापुरवा के 25-25 केवी के एक-एक ट्रांसफार्मर को 63 केवी किया जाएगा। वहीं पतारी, बंसनपुरवा, गौरियापुर, बंगलन के 63 केवी एक-एक ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 100 केवी की जानी है। बारा उपकेंद्र में दुर्गापुरवा, इकघरा, जगजीवनपुर, रहनियापुर, नुर्रा, बिगाही के 25-25 केवी के एक-एक ट्रांसफार्मर को 63 केवी किया जाना है। जबकि नारायनपुरवा के 63 केवी ट्रांसफार्मर को हटाकर 100 केवी ट्रांसफार्मर लगना है। नागिनजसी में 100 केवी ट्रांसफार्मर की जगह 250 केवी का ट्रांसफार्मर लगेगा। रूरा उपकेंद्र के शास्त्रीनगर, रामनगर व भटौली में 100 केवी के एक-एक ट्रांसफार्मर को हटाकर 250-250 केवी के ट्रांसफार्मर लगाए जाने हैं।