कानपुर। अटल आवासीय विद्यालय में नए सत्र के लिए प्रवेश परीक्षा के आवेदन गुरुवार एक जनवरी से शुरू होंगे। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे, कोविड-19 से अनाथ हुए बच्चे और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र छात्र 31 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं।
अपर श्रमायुक्त कानपुर क्षेत्र ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय में बच्चों को निशुल्क शिक्षा सीबीएसई बोर्ड के तहत दी जा रही है। इस वर्ष कक्षा छह और कक्षा नौ में कुल 226 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसका आयोजन फरवरी के दूसरे सप्ताह में होगा।
आवेदन ऑनलाइन जिले की एनआईसी वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं और इन्हें कानपुर मंडल के जिलों के श्रम कार्यालय, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा किया जा सकता है।