अपना दल की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल
- फोटो : अमर उजाला
अपना दल ने यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार अकेले लड़ने का फैसला लिया है। इसके लिए पार्टी ने प्रदेशभर में 150 सीट चिन्हित की है। इस बाबत जानकारी अपना दल कृष्णा गुट की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल ने दी है। मंगलवार को फतेहपुर में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा जिले में दो सीटे चुनी गई हैं। जिसकी घोषणा एक-दो दिन में कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय से आरक्षण खत्म करने की कोशिश कर रही है। यह पहला मौका नहीं है जब आरएसएस ने आरक्षण के विरोध में बोला हो। इससे पहले भी भाजपा से जुड़े कई लोग बोल ऐसे बयान दे चुके हैं। अपना दल यह बताना चाहता है कि आरक्षण हमें भीख में नहीं मिला है यह संविधान की प्रक्रिया के तहत है और इसे खत्म करना तानाशाही है।
2014 में भाजपा से अपना दल का गठबंधन केवल राष्ट्रीय कृषि आयोग के गठन के मुद्दे पर हुआ था। भाजपा ने वह वादा पूरा नहीं किया इसलिए उनका अपना दल भाजपा के साथ नहीं है।
ज्ञात हो इससे पहले भी कृष्णा गुट की पल्लवी पटेल ने भाजपा के खिलाफ बयान दिया था। कहा था 'भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पटेलों के धुर विरोधी हैं। शाह ने अपना स्वार्थ सिद्ध करने के लिए पार्टी में फूट डाली है। अपनी बहन अनुप्रिया के बारे में पल्लवी का कहना था कि यह उनका अपना निर्णय है। फिलहाल, किसी तरह का समझौता नहीं हुआ है।