विभागों को सौंपी जिम्मेदारी
एलिवेटेड ट्रैक जरीब चौकी क्रॉसिंग से पहले शुरू होगा और मंधना स्टेशन से पहले समाप्त हो जाएगा। इसकी वजह से अनवरगंज कासगंज रूट पर जीटी रोड के समानांतर बनीं 15 रेलवे क्रॉसिंग समाप्त हो जाएंगी। ट्रैक के लिए भूमि का चिह्नांकन हो चुका है। रेलवे, जिला प्रशासन, नगर निगम, केडीए, पीडब्ल्यूडी, आवास विकास, केस्को, एनएचएआई समेत अन्य विभागों ने दो दिन पूर्व ट्रैक का संयुक्त निरीक्षण किया था। ट्रैक के पिलर और गर्डर के रास्ते में आने वाले नाले, पुलिया, भूमिगत केबल, गैस, पानी, सीवर लाइन शिफ्ट और बगिया क्रॉसिंग समेत अन्य जगहों पर हाईटेंशन लाइनें हटाई जाएंगी। सभी विभागों को ट्रैक निर्माण की जरूरत के मुताबिक जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
अत्याधुनिक बनेगा नया स्टेशन
सीएसजेएमयू के पास प्रस्तावित नया स्टेशन एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला होगा। एस्केलेटर, लिफ्ट के साथ यात्रियों को स्टेशन के बाहर ठहरने की बेहतर व्यवस्था रहेगी। इस तरीके से स्टेशन पर अचानक भीड़ बढ़ने की संभावना कम हो जाएगी। रेलवे की ओर से रावतपुर और कल्याणपुर स्टेशन को समाप्त किया जाएगा। नए स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव होगा। नया स्टेशन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बनेगा।