कानपुर। युवा कल्याण विभाग की ओर सोमवार को महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र की सांसद-विधायक खेल प्रतियोगिता का आयोजन रूमा के एक्सिस कॉलेज और ग्रीनपार्क में हुआ। एक्सिस कॉलेज में सरसौल ब्लॉक के शिवनाथ शिवदास मौर्य इंटर कॉलेज की बालिकाओं ने अपना परचम लहराया। जूनियर बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में अंतिमा यादव ने प्रथम और सरोजनी ने दूसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद कुश्ती में अमन यादव ने जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया। ग्रीनपार्क में हुई शतरंज प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में दीपक वर्मा ने प्रथम और समर ने दूसरा स्थान पाया। सीनियर वर्ग में मोहम्मद जैन ने प्रथम और मोहम्मद शाद ने द्वितीय स्थान पाया। जूडो सब जूनियर 36 किलो भार वर्ग में स्वर्णिका साहू, 44 किलो में स्वाति सिंह और 45 किलो में अंजना वाजपेयी ने प्रथम स्थान पाया।
सीनियर वर्ग 60 किलो में भास्कर व 66 किलो में मोहम्मद इरफान विजयी रहे। फुटबॉल सीनियर वर्ग में केआईटी कॉलेज ने एलेन हाउस को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राओं को जिला युवा कल्याण अधिकारी आरती जायसवाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी निधि पांडेय ने सम्मानित किया। यहां शिक्षक प्रशांत कुमार सिंह, जगजीत सिंह आदि मौजूद रहे।