थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में लगी दो आंबेडकर प्रतिमाओं को शरारती तत्वों ने बुधवार रात क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त देख गांव में तनाव फैल गया। समिति के प्रबंधक की सूचना पर सीओ बांगरमऊ तीन थानों की फोर्स के साथ पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा दिला लोगों को शांत कराया।
प्रतिमाओं को गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबा दिया गया। सीओ ने नई प्रतिमाओं को स्थापित कराने का ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है। अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
थाना फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में राजेपुर-शिवपुरी मार्ग पर गांव के ही अजयपाल पुत्र बुद्धालाल ने पांच वर्ष पूर्व सीमेंट व एक वर्ष पूर्व दूसरी पत्थर की आंबेडकर प्रतिमा स्थापित की और 20 सदस्यीय समिति का गठन किया।
समिति के प्रबंधक अजयपाल ने बताया कि सीमेंट की प्रतिमा को बुधवार रात शरारतीतत्वों ने तोड़ दिया। बताया कि पहले भी प्रतिमा को दो बार क्षति पहुंचायी जा चुकी है। सुबह छह बजे विमला देवी पत्नी अजयपाल ने टूटी प्रतिमाओं को देख पति को जानकारी दी। देखते ही देखते प्रतिमा तोड़े जाने पर गांव में आक्रोश फैल गया।
अजयपाल ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर बांगरमऊ सीओ गौरव त्रिपाठी फतेहपुर, बांगरमऊ व सफीपुर कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। उन्होंने शरारतीतत्वों पर कार्रवाई और नई प्रतिमाओं को स्थापित करने का ग्रामीणों को भरोसा दिलाया।
जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए। सीओ ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। इस दौरान तहसीलदार लालधर यादव, बसपा विधानसभा अध्यक्ष मंगल बौद्ध, ग्राम प्रधान मुकेश समेत अन्य मौजूद रहे।