सिख विरोधी दंगे में चकेरी के जेके कॉलोनी में दो सगे भाइयों नरेंद्र सिंह और सुरेंद्र सिंह की भी हत्या हुई थी। एक की पत्नी बच्चों संग लंदन चली गई, जबकि दूसरे की पत्नी चेन्नई चली गई। सोमवार सुबह एसआईटी की टीम चेन्नई के लिए रवाना हो गई।
इस मामले में भी बगैर जांच फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई थी। जांच में जुटी एसआईटी ने दोनों भाइयों के परिजनों को ढूंढ निकाला है। घटनास्थल के आसपास रहने वालों से संपर्क किया तो पीड़ित परिवार की महिलाओं के नाम, पते मोबाइल नंबर मिले।
कुछ दिन पहले एसआईटी ने लंदन में बच्चों के साथ रह रहीं नरेंद्र की पत्नी मनजीत कौर को फोन लगाकर बयान दर्ज कराने को बुलाया था। हालांकि उन्होंने स्वास्थ्य खराब होने का हवाला देकर आने से इंकार कर दिया। इसके बाद एसआईटी ने चेन्नई में रह रहीं सुरेंद्र की पत्नी हरविंदर कौर से संपर्क किया। उन्होंने भी शहर आने से मना कर दिया। एसपी एसआइटी बालेंदु भूषण ने बताया कि विवेचक को टीम के साथ चेेन्नई भेजा गया है।