कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की तरफ से वर्ष 2027 की होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार परीक्षार्थियों को मिलने वाली उत्तर पुस्तिकाओं का रंग बदला जा रहा है, साथ ही उसका मुख्य कवर सिर्फ एक ही होगा।
जनपद में इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के करीब 23.5 हजार अभ्यर्थी और इंटरमीडिएट के करीब 22 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। 2026 की परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं का रंग लाल था। इस बार परीक्षार्थियों को दूसरे रंग की उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि इस बार का रंग क्या होगा यह गोपनीय रखा गया है। जबकि पिछली बार की परीक्षा में दो मुख्य कवर लगाए गए थे। इसमें पहले पेज पर परीक्षार्थी को अपना रोल नंबर आदि भरना था और दूसरे मुख्य पेज पर परीक्षक मूल्यांकन के बाद नंबर अंकित करते थे। इस किए जा रहे बदलाव से अभ्यर्थियों को सहूलियत होगी।
विभाग के अधिकारियों मानें तो बीते वर्ष की परीक्षा में ऑनलाइन मूल्यांकन की तैयारी हो रही थी, इसलिए मुख्य कवर को दो पेज में किया गया था। ऐसा न होने की स्थिति में फिर से इसमें बदलाव किया जा रहा है। इस बार उत्तर पुस्तिका ए-4 साइज की होगी और उस पर क्यूआर कोड भी होगा। जिसे स्कैन करने पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद को लोगो दिखेगा। इससे बाहर से कोई भी दूसरी कॉपी नहीं डाली जा सकती है। जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी ने बताया कि परीक्षा में प्रयोग होने वाली उत्तर पुस्तिकाओं में होने वाले बदलाव के विषय में समाचार पत्र के माध्यम से जानकारी हुई है। कॉपियों के रंग में होने वाले बदलाव को अभी तक गुप्त रखा गया है। होने वाले बदलाव से कॉपियों के बदलने व बाहर से दूसरी कॉपी रखे जाने की शिकायत शून्य हो जाएगी।