मायके में रहकर करा रही थी इलाज
मृतका की पहचान नवोदय नगर निवासी गुड़िया (28) पत्नी राजपाल के रूप में हुई है। मृतका के पति राजपाल ने बताया कि उनकी शादी को करीब 10 वर्ष हो चुके थे। उनके दो बच्चे हैं—आठ साल की बेटी विनीता और चार साल का बेटा पंकज। पिछले करीब छह महीने से गुड़िया अपने मायके में ही रहकर सरसौल सीएचसी से अपना इलाज करवा रही थी।
पैर फिसलने से गहरे पानी में जा गिरी महिला
परिजनों के अनुसार, गुड़िया पिछले छह महीने से मिर्गी और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थी। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह अचानक घर से बाहर निकली। घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित तालाब के किनारे पहुंचने पर अचानक उसे दौरा पड़ा या पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में जा गिरी। तालाब में डूबता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी
ग्रामीणों और पुलिस के काफी प्रयासों के बाद महिला को तालाब से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से तुरंत सरसौल सीएचसी ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुई दुर्घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।