कानपुर देहात। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के तहत ग्रामीण अंचल के लोगों को यातायात सुविधा देने के लिए बृहस्पतिवार को रसूलाबाद से एक और ग्रामीण बस सेवा की शुरुआत की गई है। विधायक ने न सिर्फ बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया बल्कि उसमें खुद सफर कर सुविधाओं को परखा। यह बस अजनपुर सहित 19 गांव के पास से होकर गुजरेगी। जो अकबरपुर व माती तक सफर तय करेंगी।
विधायक पूनम संखवार ने कहा कि इस बस के माध्यम से रसूलाबाद क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र के नागरिक अब आसानी से जिला मुख्यालय व अन्य आवश्यक स्थलों तक पहुंच सकेंगे। कहा प्रदेश सरकार के नेतृत्व में जनपद के नागरिकों को यह महत्वपूर्ण परिवहन सुविधा प्राप्त हुई है। शासन विभिन्न विकासपरक योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन के जीवन में सुगम व सुविधाजनक बनाने के निरंतर कार्य कर रही है।
कहा कि इससे पूर्व एक ग्रामीण बस सेवा संचालित हो रही है। यह दूसरी बस है, जो आमजन को समर्पित की गई है। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों को आवागमन में राहत मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि बस का नियमित संचालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अशफाक ने कहा बस के अजनपुर से माती के बीच प्रतिदिन दो फेरे निर्धारित किए गए हैं। इस योजना के तहत यात्रियों से परिवहन निगम की सामान्य बसों की तुलना में कम किराया लिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को सस्ती यात्रा का लाभ मिलेगा। यह बस अजनपुर, ढकपुरवा, ब्रह्मणपुरवा, रजपुरवा, उसरी, रसूलाबाद, मिंडाकुआ, गड़वा, जिनही, महेरा, बिलाहा, गाऊपुर, जगनपुर, डगराहा, बनीपारा, रूरा, तिगाईं, मुक्तापुर, नरिहा होते हुए अकबरपुर व माती के बीच 98 किलोमीटर के दायरे में संचालित होगी। बस का संचालन शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान हो जाएगा। एटीआई के के सक्सेना, पवन वर्मा, कार्यालय सहायक रवि दुबे, भाजपा मंडल अध्यक्ष अटल वाजपेई आदि मौजूद रहे।
....................
बस स्टैंड के लिए जमीन का किया निरीक्षण
रसूलाबाद में रोडवेज बसों के ठहराव के लिए स्टैंड न होने से स्थानीय लोगों को सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। विधायक पूनम संखवार ने एसडीएम, एआरएम व तहसीलदार के साथ रसूलाबाद-विषधन रोड पर थानापुरवा में बस स्टैंड के लिए जमीन का निरीक्षण किया। विधायक ने तहसीलदार को जमीन से संबंधित सभी कागजात उपलब्ध कराने को कहा है। अगर स्थान बस स्टैंड बनने के मानक के अनुरूप होता है, तो शासन से इसके लिए पत्राचार किया जाएगा।
.................
यह होगा बस का ठहराव व समय
अजनपुर से माती के लिए (सुबह)
स्थान - आगमन - प्रस्थान
अजनपुर- सुबह 7:00 बजे प्रस्थान
रसूलाबाद- 7:45 बजे - 8:00 बजे
मिंडाकुआ- 8:15 बजे- 8:20 बजे
बनीपारा- 8:40 बजे- 8:45 बजे
रूरा - 9:00 बजे- 9:10 बजे
अकबरपुर- 9:30 बजे- 9:35 बजे
माती - आगमन 10:00 बजे
........................
माती से अजनपुर के लिए (शाम)
स्थान- आगमन - प्रस्थान
माती से प्रस्थान दोपहर 2:30 बजे
अकबरपुर- 2:50 बजे - 3:00 बजे
रूरा- 3:20 बजे - 3:25 बजे
बनीपारा - 3:40 बजे - 3:45 बजे
मिंडाकुआ- 4:15 बजे- 4:20 बजे
रसूलाबाद- 4:30 बजे - 4:50 बजे
अजनपुर - आगमन 5:30 बजे