कानपुर। मिजोरम के सैरांग से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक नई राजधानी एक्सप्रेस चलेगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल होकर जाएगी। रेलवे ने इसका संचालन 19 सितंबर से करने का निर्णय लिया है। 13 सितंबर को इसका उद्घाटन होगा। यात्री इस ट्रेन में सफर करने के लिए गुरुवार से आरक्षण ले सकते हैं। उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन नंबर- 20507/20508 सैरांग-आनंद विहार टर्मिनल-सैरांग राजधानी एक्सप्रेस (साप्ताहिक) का परिचालन होगा। 13 सितंबर को सैरांग-आनंद विहार टर्मिनल विशेष ट्रेन के रूप में चलाकर इसका उद्घाटन सुबह 10 बजे होगा। ट्रेन में एसी प्रथम का एक, एसी द्वितीय के चार, एसी तृतीय के 12, पैंट्री कार एक, एसएलआर दो समेत कुल 20 कोच हैं। यह स्पेशल राजधानी कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सोमवार को 1.50 बजे तो आनंदविहार 7.30 बजे पहुंचेगी।
एक और साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन
रेलवे ने बड़ोदरा-गोरखपुर-बड़ोदरा साप्ताहिक पूजा विशेष ट्रेन के संचालन को भी हरी झंडी दिखाई है। साथ ही कुछ ट्रेनों के स्टेशनों पर ठहराव भी बढ़ाए गए हैं। इससे दुर्गा, छठ पूजा व दीपावली पर यात्रियों को सुविधा होगी। बड़ोदरा-गोरखपुर-बड़ोदरा साप्ताहिक पूजा विशेष ट्रेन बड़ोदरा से 27 सितंबर, चार, 11, 18, 25 अक्टूबर, एक, आठ, 15, 22 व 29 नवंबर को चलेगी। गोरखपुर से 29 सितंबर, छह, 13, 20, 27 अक्टूबर, तीन, 10, 17, 24 नवंबर व एक दिसंबर को 10 फेरा चलेगी। ट्रेन फर्रुखाबाद, कानपुर सेंट्रल के रास्ते जाएगी।