पुलिस भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप लगाकर अभ्यर्थियों ने सोमवार को रामादेवी चौराहे पर जाम लगा दिया। इससे आवागमन काफी देर तक प्रभावित रहा। इस दौरान यूपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में नाराज अभ्यर्थी भाजपा विधायक सतीश महाना के पास पहुंचे।
महाना ने विरोध कर रहे लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह विधानसभा में इस मामले को उठाएंगे। इसके बाद सभी अभ्यर्थी बारा देवी चौराहे पर पहुंचे और जाम लगा दिया। आवागमन बंद होने की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। काफी देर तक हंगामा होता रहा।
इसके बाद विधायक महाना बारा देवी चौराहे पहुंचे और अभ्यर्थियों को शांत कराकर जाम हटवाया। विरोध करने वालों में प्रशांत शुक्ला, प्रतीक शाक्य, मधुर पांडेय, जय कुमार, आशु गुप्ता, गिरजेश पांडेय, जयंत सेंगर, अजय सिंह, पुत्तू अवस्थी, विपिन कुमार और शुभम सिंह मौजूद रहे।
सरकार और राज्पाल से पुलिस भर्ती परीक्षा निरस्त करने की मांग
कांग्रेस नगर ग्रामीण अध्यक्ष अभिजीत सिंह सांगा ने सरकार और राज्यपाल से मांग की है कि पुलिस भर्ती परीक्षा को निरस्त किया जाए। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने बताया कि जल्द ही वह इस मामले के खिलाफ आयुक्त को ज्ञापन देंगे।
सांगा ने कहा कि यूपी में आरक्षी पदों पर भर्ती में लगातार अनियमितताओं सामने आ रही हैं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इसके पहले भी भर्ती में धांधली के आरोप लग चुके हैं। अब इस बार भ्ाी धांध्ाली के आरोप लग रहे हैं। उनका कहना है कि इसका एकमात्र उपाय है कि परीक्षा निरस्त कर इसे दोबारा कराया जाए।
इस मौके पर आरटीआई सेल के सूर्य वाजपेयी, नीरज गुप्ता, कांग्रेस महासचिव विकास अवस्थी सहित कई लोग मौजूद थे।