ज्वैलरी पर एक फीसदी एक्साइज ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में सराफा बाजार बंदी के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भाजपा विधायक सलिल विश्नोई और भाजपा समर्थित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल भी सराफा कारोबारियों के समर्थन में आ गए। नयागंज में दो घंटे के सांकेतिक धरने के दौरान पूर्व भाजपा सांसद और व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम बिहारी मिश्रा ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सभी कारोबारियों से आह्वान किया कि वे सराफा कारोबारियों के समर्थन में पोस्टकार्ड पर दो लाइनें लिखकर प्रधानमंत्री कार्यालय भेजें। इतने पोस्टकार्ड भेजें कि पीएमओ भर जाए। इसके बाद भी सरकार ने एक्साइज ड्यूटी वापस नहीं ली तो सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे और एक्साइज इंस्पेक्टरों को बाजारों में घुसने नहीं देंगे। भाजपा विधायक सलिल विश्वनोई ने कहा कि वे सरकार के विधायक बाद में, व्यापारी पहले हैं।
कानपुर के सराफा कारोबारियों की मांग अपने स्तर पर सरकार तक पहुंचाएंगे। यदि एक्साइज ड्यूटी वापस नहीं ली गई वे भी सराफा कारोबारियों के साथ धरने पर बैठेंगे। धरने की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने की और संचालन रामकिशोर मिश्रा व नीरज दीक्षित ने किया।
इस दौरान व्यापारी नेता मुकुंद मिश्रा, विजय पंडित, अवधेश वाजपेयी, ज्ञानेश मिज्ञा, सुरेंद्र सनेजा, विनय द्विवेदी, राजेश गुप्ता, संत मिश्रा, अचल गुप्ता, इखलाख मिर्जा, सुभाष पुरी आदि शामिल रहे।