इटावा। प्रेमिका की शादी होने से क्षुब्ध होकर युवक ने गुरुवार को फंदा लगाकर जान दे दी। फंदा लगाने से पहले प्रेमिका को खुदकुशी करने का मैसेज भेज दिया। प्रेमिका की सूचना पर पहुंची उसकी सहेली ने मोहल्ले के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद घर का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को लोगों ने प्रेमिका की सहेली को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पूरी घटना की जानकारी हो सकी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बैरून कटरा शमशेर खां निवासी रितिक (24) पुत्र सत्यवीर ने गुरुवार सुबह फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। रितिक केके डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसकी मां का 10 साल पहले देहांत हो चुका है। पिता मजदूरी करने गए थे और छोटी बहन सुनैना स्कूल गई थी। दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है।
सुबह दस बजकर 28 मिनट पर रितिक के घर के बाहर एक युवती पहुंची। वह करीब तीन मिनट तक दरवाजा खोलने के लिए आवाज देती रही, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। उसने दरवाजे की दरार से अंदर झांककर देखा तो रितिक का शव दीवार पर खूंटी से फंदे पर लटका हुआ था। उसने दौड़कर पड़ोसी बबलू को इस बात की जानकारी दी, थोड़ी देर में घर के बाहर भीड़ इकट्ठा हो गई।
मोहल्ले के लोगों ने दरवाजा तोड़ा और रितिक को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, युवती को मोहल्ले के लोगों ने रितिक के घर के अंदर बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को पूछताछ के लिए थाने भेज दिया। पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि रितिक और उसकी सहेली एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। युवती की सहेली रितिक की प्रेमिका थी।
उसकी शादी बुधवार को हो गई, इसी बात से क्षुब्ध होकर रितिक ने गुरुवार सुबह प्रेमिका को खुदकुशी करने का मैसेज भेज दिया था। प्रेमिका ने इस बात की जानकारी अपनी सहेली को दी थी। घटना की जानकारी करने वह घर पहुंची थी। कोतवाली प्रभारी भीमसेन पौनिया ने बताया कि युवक के साथ पढ़ने वाली मित्र को जब जानकारी हुई तो वह उसके घर पहुंची थी। युवती को पूछताछ के बाद परिजनों के साथ भेज दिया गया।