कानपुर। बीसीसीआई की ओर से घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी की शुरुआत 15 अक्तूबर से होगी। पहला मुकाबला ग्रीनपार्क स्टेडियम में उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें सोमवार को आधिकारिक अभ्यास सत्र में उतरेंगी। हालांकि मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम छह अक्तूबर से ग्रीनपार्क में अभ्यास कर रही है। रविवार को शहर पहुंची आंध्र प्रदेश की टीम सोमवार से काली मिट्टी की पिचों पर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी।
इस बार आंध्र प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत ऑलराउंडर सौरभ कुमार हैं जो पहले उत्तर प्रदेश की टीम के खिलाड़ी थे। सौरभ ग्रीनपार्क सहित यूपी टीम की रणनीति और कमजोरियों से भली-भांति वाकिफ हैं। आंध्र के कप्तान रिकी भुई उनके अनुभव का भरपूर लाभ उठाना चाहेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश टीम भी विजयी आगाज को लेकर पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। नए कोच अरविंद कपूर को भरोसा है कि टीम इस सत्र में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
कप्तान करन शर्मा, रिंकू सिंह, आर्यन जुयाल, प्रियम गर्ग, विप्रज निगम, आकिब खान, शिवम मावी और आराध्य यादव ने हालिया अभ्यास मैचों में दमदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम एकादश में जगह बनाने का दावा मजबूत किया है।