कानपुर। सचेंडी थानाक्षेत्र में अराजकतत्वों ने चकरपुर मंडी के पास हाईवे के किनारे बनी डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़खाड़ कर दी। जानकारी होने पर सोमवार सुबह पहुंचे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों का समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इसके साथ ही मूर्ति को ठीक कराकर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सचेंडी के चकरपुर में स्थित केएस इंटर कालेज के सामने हाईवे के किनारे डाॅ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। रविवार देर रात अराजकतत्वों ने प्रतिमा पर रंग पोतकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। सोमवार सुबह इलाकाई लोगों ने प्रतिमा से छेड़छाड़ देख हंगामा शुरु कर दिया।
सूचना पर पनकी और कल्याणपुर सर्किल की फोर्स संग मौके पर पहुंचे एडीसीपी विजयेन्द्र द्विवेदी, एसीपी शिखर व अभिषेक पांडेय ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। हंगामा कर रहे लोगों ने इंटर कालेज प्रबंधक पर मूर्ति के साथ छेड़छाड़ करवाने का आरोप लगाया।
पुलिस ने कालेज में लगे कैमरे चेक किए तो वह बंद मिले। थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि लोगों के आरोप पर धर्मवीर तिवारी और बउवा भदौरिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।