रसूलाबाद(कानपुर देहात)। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के इटैली में बुधवार को बच्चों के साथ खेल रहे एक मासूम की बंबा में डूबने से मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार के लोगाें का हाल बेहाल रहा।
इटैली निवासी विष्णु उर्फ छुटकई उन्नाव जिले के बांगरमऊ कस्बा में परिवार के साथ रहते हैं। वह परिवार के साथ होली मनाने गांव आए थे। बुधवार होली में रंग खेलने के दौरान गांव के बच्चों के साथ ही उनका बेटा वासु (3) भी खेल रहा था। वह खेलते खेलते पास से निकले बंबे के पास पहुंच गया। यहां पर पिचकारी में पानी भरते समय पैर फिसल जाने से वह पानी में जा गिरा। उसके डूबने पर साथ गए बच्चे शोर मचाते हुए घर आए और परिवार के लोगों को जानकारी दी।
इस पर दौड़ते हुए परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह वासु को बहार निकाला लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंचीं। परिवार के लोगों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इकलौटे बेटे की मौत पर पिता विष्णु, मां प्रीती व अन्य परिवार के लोगों का बुरा हाल रहा। सगे संबंधी उन्हें ढांढस बंधाते रहे। थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस के पहुंचने पर परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम न कराने की बात कही है।