कानपुर। बिना पंजीकरण कराए अधिवक्ता के वेष में कचहरी में घूमने, वकालत करने और अदालतों में पैरवी करने वाले लोगों के खिलाफ बार एसोसिएशन की ओर से अभियान चलाया जाएगा। ऐसे लोगों की धरपकड़ के लिए मंत्री बीरेंद्र कुमार पासी के नेतृत्व में आठ सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
इसमें पंकज दीक्षित, अंसार अहमद खां, राकेश कुमार शुक्ला, रिंकी सिंह, कनक किशोर मिश्रा, कुलदीप तिवारी और वत्सल सिंह हैं। ये कचहरी में घूमकर ऐसे लोगों की धरपकड़ करेंगे। बार एसोसिएशन के महामंत्री अमित सिंह ने अधिवक्ताओं से सहयोग की अपील की है। कहा है कि समिति के सदस्यों के मांगने पर अधिवक्ता अपना पंजीकरण कार्ड दिखाएं और फर्जी अधिवक्ताओं की धरपकड़ में सहयोग करें। वहीं, यूपी बार काउंसिल के सदस्य सचिव इमरान माबूद खान की ओर से सभी जिलों के जिला जज, जिलाधिकारी एवं बार एसोसिएशन को पत्र भेजकर कहा गया है कि हर अधिवक्ता को वकालतनामा में अपनी पंजीकरण संख्या और सीओपी नंबर लिखना जरूरी है। वरना उनका वकालतनामा स्वीकार न किया जाए।