कानपुर। केसीए से संबद्ध आरवीएस क्रिकेट अकादमी की प्रथम संदेश फाउंडेशन प्रीमियर लीग फॉर जैक्सन कमिंस ट्रॉफी अंडर-19 टी-20 डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में अमोल इलेवन ने शिशुवेंद्र वारियर्स को 96 रन से मात दी। दूसरे मैच में चंद्रा क्रिकेट अकादमी ने पटेल प्रापर्टीज को छह विकेट से हराया।
सप्रू मैदान पर अमोल इलेवन ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 213 रन का स्कोर खड़ा किया। क्षितिज तिवारी ने शानदार नाबाद 106 रन बनाए। शाश्वत बंदोह ने 58 और सैयद अयान ने 31 रन की नाबाद पारी खेली। गोल्डी यादव ने दो विकेट लिए। शिशुवेंद्र वारियर्स की टीम 19.3 ओवर में 117 रन पर सिमट गई। आशुतोष पांडे ने नाबाद 26 और श्रीओम ने 21 रन बनाए। आदित्य सिंह ने तीन व अविनाश कुमार ने दो विकेट हासिल किए। क्षितिज तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में पटेल प्रॉपर्टीज ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 113 रन बनाए। सरस यादव ने 22 रन का योगदान दिया। आकाश राठौर ने तीन और आलोक साहू ने दो विकेट झटके। चंद्रा क्रिकेट अकादमी ने 16 ओवर में चार विकेट खोकर 117 रनकर मैच अपने नाम किया। शिवम दुबे ने नाबाद 51 रन की शानदार पारी खेली। आदित्य गुप्ता ने 26 रन बनाए। पंकज कुमार ने तीन विकेट लिए। शिवम दुबे को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।