शहर को क्रासिंग और जाम से मुक्त कराने के लिए क्या करेंगे?
-हरि त्रिपाठी, सामाजिक कार्यकर्ता
जवाब: जाम और अतिक्रमण प्रदेश और पूरे देश की समस्या है। लोगों को जाम से मुक्त कराने के लिए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। पार्किंग का स्थान तय किया जाएगा, ताकि बाजारों और मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण न हो पाए। ये दोनों समस्याएं मेरे एजेंडे में शामिल हैं, इन्हें प्राथमिकता से हल कराएंगे।
पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर प्रयास क्यों नहीं किया जाता?
-मुन्ना हजारिया, कर्मचारी नेता
जवाब: कुछ मुद्दे नीतिगत होते हैं, उन्हें हल करना सांसद स्तर पर नहीं हो सकता है। इसके लिए सरकार नीति बनाती है। उसी के आधार पर फैसले लिए जाते हैं। मैं जीतने के बाद यहां के कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखते हुए उनके मुद्दे सरकार तक जरूर पहुंचाऊंगा।
वित्तविहीन कॉलेजों के शिक्षकों के वेतन के लिए क्या कदम उठाएंगे?
-अखंड प्रताप सिंह, शिक्षक नेता
जवाब: ऐसे सभी शिक्षकों का जो भी संगठन हो वे मुझे ज्ञापन दें, उनकी समस्याओं को हल कराने के लिए कुलपति से लेकर प्रधानमंत्री तक उनकी बात पहुंचाने की जिम्मेदारी मेरी है।
धर्मांतरण कराने के आरोप लगाकर इसाइयों को सताया जाता है, इसे कैसे रोकेंगे?
-मरियम मैर्कटिस, समाजसेवी
जवाब: धर्मांतरण नहीं कराएंगे तो कोई परेशान नहीं करेगा, ये मेरी गारंटी है। कोई संस्था या पुलिस इसके लिए परेशान नहीं कर सकती।
परिषदीय स्कूलों की हालत सुधारने के लिए क्या कदम उठाएंगे?
-अमित खत्री, कानपुर सिंधी समाज के उपाध्यक्ष
जवाब: सरकारी स्कूलों की दशा पिछले कुछ सालों से सुधर रही है। जहां पर कमी हैं, वहां कायाकल्प कराया जाएगा। आने वाले समय में सरकारी स्कूलों को इस तरह तैयार करेंगे कि मध्यम वर्ग के लोग अपने बच्चों का दाखिला कराएं।
महाविद्यालयों में दोहरी वेतनमान प्रणाली चल रही है। इसे कैसे हल कराएंगे?
-अरुणेश अवस्थी, डीबीएस कॉलेज
जवाब: जो समस्याएं यहां से हल हो सकेंगी, उसे खुद करूंगा। जो केंद्र या प्रेदश स्तर से हल होंगी, उन्हें प्रदेश सरकार से हल कराने की भरपूर कोशिश होगी। आप निश्चिंत रहिये, आम लोगों का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आपकी क्या कार्ययोजना है?
-विनोद शुक्ला, लॉ कालेज संचालक
जवाब: मेरा फोकस केवल शिक्षा और स्वास्थ्य नहीं है। मेरा सपना विकसित कानपुर बनाने का है। इसके लिए शहर की समस्याओं को पहचानकर उनका निदान कराने की पूरी कार्ययोजना बनाई जाएगी।
भाजपा की कर्मचारी विरोधी छवि बन रही है, इसे कैसे दूर करेंगे?
-विष्णु अवतार पांडेय, केस्को कर्मचारी नेता
जवाब: कर्मचारियों की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा। उनके हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। भाजपा सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। हम सबका ध्यान रखने वाले लोग हैं।
स्वतंत्रा सेनानियों के उत्तराधिकारियों को पेंशन दिलाने के लिए क्या कदम उठाएंगे?
-सर्वेश कुमार पांडेय निन्नी
जवाब: मैं सांसद चुना जाऊंगा, तो इसके लिए पूरा प्रयास करेंगे कि स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों को पेंशन मिले और वह आसानी से अपना जीवन यापन कर सकें।