अमर उजाला जनसंवाद में लोगों ने जिलाधिकारी से सवाल पूछे। डीएम जितेंद्र प्रताप ने शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए।
पिछले दिनों महानगर में विकास कार्यों की समीक्षा करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने जनप्रतिनिधियों की ओर से शहर में अतिक्रमण और जाम का मुद़्दा उठाया गया था। बुधवार को अमर उजाला जन संवाद में शहरवासियों ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से अधिकतर सवाल इन्हीं मुद्दों से संबंधित पूछे। जिलाधिकारी ने लोगों को आश्वस्त किया कि शहरवासियों को जाम और अतिक्रमण से निजात दिलाने के लिए योजना बनाकर काम किया जाएगा। इसी तरह काफी लोगों ने स्ट्रीट लाइट खराब होने, जमीनों पर जबरन कब्जा करने, पेयजल लाइन नहीं होने जैसी समस्याएं फोन के जरिए जिलाधिकारी को बताईं। डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका जल्द ही निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके अलावा भी काफी संख्या में लोगों ने डीएम से अपनी-अपनी समस्याएं बताईं..
विज्ञापन
घाटमपुर के भटपुरवा प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के बैठने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। टेंडर हो गया है। बीएसए की ओर से रिपोर्ट भी दे दी गई है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। - अरविंद कुमार घाटमपुर
- इस संबंध में बीएसए से रिपोर्ट लेकर तत्काल समाधान कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वहां टीम भी भेजी जाएगी। बच्चों के लिए संबंधित विभाग को भी निर्देश दे दिए गए हैं।
विज्ञापन
पराग डेयरी के आसपास, बर्रा क्षेत्र में नौबस्ता में सड़क किनारे लोगों ने पूरा फुटपाथ कब्जा कर लिया है। अतिक्रमण की वजह से आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। - प्रखर, हेमंत विहार, नौबस्ता
- अतिक्रमण हटाने को लेकर शहर भर में अभियान चलाकर काम किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों से भी बातचीत की जाएगी।
हम तीन बहने हैं, पिता मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। मेरे चाचा मुझे मेरी जमीन पर घर नहीं बनाने दे रहे हैं, इसी वजह से हम लोग सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। मेरी हेल्प कीजिए। - गुड़िया, विधनू खेरसा
- पूरे मामले की जांच कराकर उचित फैसला किया जाएगा। किसी भी तरह से परेशान होने की जरूरत नहीं हैं।
चकेरी हवाई अड्डे के पास की कालोनी के बाहर आठ महीने से स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। अंधेरे की वजह से यहां अराजकतत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, काफी दिक्कत हो रही है। - दीपक कुमार राय, विमान नगर, जोन दो
- स्ट्रीट लाइट के लिए नगर निगम को कहा जाएगा, जल्द निस्तारण कराएंगे।
घर के सामने लगी स्ट्रीट लाइट 10 माह से खराब है। कई बार नगर निगम में शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। - राम मूर्ति, बर्रा तीन
- नगर निगम में बात करता हूं, दो दिन में आपके घर के पास टीम पहुंचेगी और लाइट सुधारी जाएगी।
भीतरगांव में हमारी .560 हेक्टेयर पैतृक जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। एसडीएम ने कब्जामुक्त कराने के आदेश पुलिस को दिए थे लेकिन कुछ नहीं हुआ। - रंजय पाल, भीतरगांव
इसकी जांच मैं अपने स्तर से कराता हूं, संबंधित एसीपी से बात कर आपकी जमीन कब्जामुक्त कराई जाएगी।
मिर्जापुर नई बस्ती में ठेकेदारों ने एक माह पहले पाइपलाइन बिछाने के लिए इंटरलाकिंग खोद डाली। दोबारा बिछाई नहीं गई, ऐसे ही छोड़ दिया।- रघुराज प्रताप सिंह, मिर्जापुर, कल्याणपुर
- इसको दिखवाना पड़ेगा कि ये एरिया किसके अंडर में आता है। जांच कराने के बाद इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।
इंद्रा चौराहे पर लगी स्ट्रीट लाइट छह माह से खराब है, पब्लिक शौचालय काफी गंदे हैं। पोर्टल पर कई बार शिकायत की लेकिन कुछ नहीं हुआ । - अंकित गुप्ता, जाजमऊ
- नगर आयुक्त से बातकर मौके पर टीम भेजी जाएगी। लाइट और शौचालय दुरुस्त कराया जाएगा।
मैं कक्षा छह में पढ़ता हूं। वाजिदपुर कॉलोनी, जाजमऊ के पास पार्क है लेकिन बच्चों के खेलने के लिए कोई सुविधा नहीं है। आसपास की सड़कें भी खराब हैं। - अरसद अली, जाजमऊ
- बेटा इस पार्क की जांच कराता हूं और खेलकू़द के जो भी उपकरण पार्क में लग सकते हैं, संबंधित विभाग से लगवाए जाएंगे।
हलीम कॉलेज चौराहा वाली सड़क पर दिनभर जाम रहता है। अगर एंबुलेंस फंस जाती है तो लोग मरीज को उठाकर अस्पताल तक पहुंचाते हैं। - मो. रियाज, कैरानीपुरवा
- जाम की समस्या का कारण अतिक्रमण है। इस पर लगातार ट्रैफिक पुलिस काम कर रही है। इस समस्या का जल्द समाधान होगा।
ब्रह्मानंद डिग्री कॉलेज में छात्रों से 15 से 20 हजार रुपये की वसूली की जा रही है। कच्ची रसीदें काटी जा रही हैं। जिन छात्रों की हाजिरी कम होती है उनसे वसूली की जा रही है। - आशीष दीक्षित, जरौली
- प्रशासनिक टीम के साथ यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार को कॉलेज भेजा जाएगा। मामले की जांच कराई जाएगी। अगर छात्रों से ज्यादा वसूली हो रही होगी तो कार्रवाई होगी।
दादानगर से फायर स्टेशन वाली रोड पर नो इंट्री के कारण दिनभर गड़रियन पुरवा में गाड़ियां नहीं आ पाती हैं, इससे दुकानदारों का व्यापार पूरी तरह चौपट हो रहा है। दोपहर में दो घंटे का समय दिया जाए। - प्रदीप सिंह भाटिया, गड़रियनपुरवा
- इसपर ट्रैफिक पुलिस और आप लोगों के साथ एक बैठक कर लेंगे। जो भी उचित होगा वो सुविधा प्रदान कर दी जाएगी।
पांच साल से सीवरलाइन चोक है। कई बार नगर निगम में शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। - महेश कुमार, जरौली फेज वन
- एक सप्ताह में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर समस्या से निजात दिलाएगी।
चकेरी क्षेत्र के वार्ड 12 में बना लव गार्डेन पार्क पूरी तरह अव्यवस्थित है। शाम को कई लोग यहां शराब पीते हैं, यहां पर मॉर्निंग वाॅकर टहलने आते हैं तो काफी परेशानी होती है। - महेश वर्मा, चकेरी
- क्षेत्र के जोनल अधिकारी को भेजकर जांच कराई जाएगी। पार्क की दशा को सुधारा जाएगा।