कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विवि में एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से विजन सीएसजेएमयू : रोल ऑफ एलुमनी इन द हॉलिस्टिक डेवलपमेंट ऑफ यूनिवर्सिटी विषय पर गोष्ठी हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि विवि के पूर्व छात्र राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई प्रमुख पदों पर तक पहुंचे हैं। पूर्व छात्र विवि के वर्तमान छात्रों को कामयाबी की राह दिखाएं।
इसके लिए उन्हें नियमित रूप से विवि में कांफ्रेंस, वर्कशॉप या अन्य माध्यमों से जुड़ना होगा। आगरा विवि के पूर्व कुलपति प्रो. अरविंद दीक्षित ने कहा कि पूर्व छात्रों की कमेटी बनाकर उन्हें दायित्व सौंपे जाएं।
डॉ. एएस प्रसाद ने कहा कि वर्तमान में छात्रों की मानसिक स्थिति को देखते हुए हेल्थ एंड वेलनेस के कार्य किए जाएं। कार्यक्रम में डॉ. उमेश पालीवाल, डॉ. अवध दुबे, डॉ. बीडी पांडेय, सीए अर्जित गुप्ता, सीडीसी निदेशक प्रो. आरके द्विवेदी ने भी सुझाव दिए।
रजिस्ट्रार डॉ. अनिल कुमार यादव ने पूर्व छात्रों से वर्तमान छात्रों को रोजगार व इंटर्नशिप उपलब्ध कराने में मदद करने की बात कही। इस मौके पर डॉ. सिधांशु राय, डॉ. विवेक सचान, सुशील मिश्रा, डॉ. ओमप्रकाश आनंद, डॉ. एसके अग्रवाल, शुभांक गुप्ता आदि मौजूद रहे।