कानपुर देहात। माती स्थित विकास भवन में शनिवार को जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक हुई। इसमें गांवों में हर घर नल योजना की प्रगति पर विमर्श हुआ। जिले में 14 गांवों में टंकी व पाइप लाइन की डीपीआर बनी होने पर डीएम जेपी सिंह ने संबंधित एसडीएम को टंकी बनाने के लिए भूमि आवंटन करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के तहत भोगनीपुर तहसील के गुरगांव, हैदरपुर, नोनापुर, सट्टी व जुनैदपुर, सिकंदरा तहसील के कसोलर, रेवा, औड़ेरी, अकना, उरसान, बढ़ौली, निन्हौरा व अकबरपुर तहसील के नरिहा और रोशनमऊ के दो गांवों में टंकी निर्माण व पाइप लाइन बिछाने का काम करीब 30 करोड़ से प्रस्ताव है। राज्य पेयजल स्वच्छता मिशन से डीपीआर बनाने के लिए आंध्र प्रदेश की मेसर्स इंडियन ह्यूम पाइप कंपनी लिमिटेड को नामित किया गया है।
नामित कंपनी की ओर से बनाए गए प्रस्तावों पर कार्य की पैमाइश और गुणवत्ता जांच का दायित्व जल निगम को करना है। एक्सईएन जल निगम ने डीएम को बताया कि नामित कंपनी ने टंकी बनाने के लिए भूमि चिह्नित की है। प्रत्येक पेयजल परियोजना दो करोड़ से अधिक की है।
डीएम ने एक्सईएन जल निगम एमके सिंह को निर्देशित किया कि पेयजल योजनाओं की डीपीआर की एक प्रति संबंधित एसडीएम को भी उपलब्ध कराएं। डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह को साफ सफाई के निर्देश दिए। यहां डीसी मनरेगा हरीशचंद्र, पीडी दिनेश यादव मौजूद रहे।