वन नेशन-वन इलेक्शन बहुत बड़ी साजिश
सपा अध्यक्ष ने कहा कि वन नेशन-वन इलेक्शन बहुत बड़ी साजिश है। भाजपा चुनाव आयोग को खत्म करना चाहती है। सबसे आवश्यक है कि जातीय जनगणना कराई जाए, जिससे लोगों को आबादी के आधार पर सुविधाएं मिलने लगें। जब चुनाव था तो राशन कुछ और मिलता था। आज क्या मिल रहा है। लोगों के पट्टे के कागज चोरी हो रहे हैं। जाति के आधार पर बीएलओ और अफसरों की तैनाती की जा रही है। किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। उपचुनाव में जनता भाजपा को करारा सबक सिखाएगी।
सपा सुप्रीमो ने समधन पहुंच तालाब में डूबे चार बच्चों की मौत पर जताया शोक
सपा सुप्रीमो व कन्नौज सांसद अखिलेश यादव के नगर में पहुंचने पर पार्टी नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। साथ ही बीते डेढ़ माह पहले तालाब में चार बच्चों के डूबकर मौत हो जाने की दर्दनाक घटना पर पीड़ित परिजनों से मुलाकात करके आर्थिक सहायता भेंट की गई। समधन नगर में शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे सपा सुप्रीमो व सांसद अखिलेश यादव अपने काफिले के साथ नगर में पहुंचे। वयोवृद्ध पूर्व चेयरमैन हाजी हसन सिद्दीकी के आवास पर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य के बारे में हालचाल लिया।
घायल हुए लोगों को सरकार और पार्टी की ओर से दिलाया जाएगा मुआवजा
सपा मुखिया ने तीन दिन पूर्व हाईटेंशन लाइन गिरने से जख्मी हुए लोगों का हालचाल पूछा। कहा कि इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर मकान के ऊपर से निकली बिजली की लाइन को हटवाने का काम कराया जाएगा। हादसे में घायल हुए लोगों को सरकार और पार्टी की ओर से मुआवजा दिलाया जाएगा।