यूपी की इत्र नगरी कहे जाने वाले कन्नौज जिले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को विशाल जनसभा की। इस दौरान उन्होंने अपने विरोधी दलों भाजपा व बसपा को निशाने पर रखा। इसके अलावा अखिलेश ने खुद को अंडर ट्रेनी सीएम कहा। वे बोले हमने अंडर ट्रेनी रहते हुए इतना काम किया है अब तो साढ़े चार साल की ट्रेनिंग मिल गई है तो सोचो अब कितनी तेजी से काम होगा।
छिबरामऊ की जनता के बीच बोलते हुए उन्होंने कहा इस बार सियासी मैदान में फर्जी दावे करने वाले बहुत से लोग घूम रहे हैं। उनका इशारा भाजपा और बसपा पर था। अखिलेश ने कहा भाजपा केवल रेडियो और टीवी के माध्यम से मन की बात करती है। उन्होंने कभी जनता के मन की बात नहीं सुनी। आगे बोले की पीएम मोदी कन्नौज आ रहे हैं पता नहीं कौनसा जुमला कह दें इसलिए आप सावधान रहना। मुस्लिम समुदाय की और साफ इशारा करते हुए अखिलेश ने कहा वैसे तो इत्र लगाने वाली कन्नौज की जनता बेहद समझदार है। फिर भी मैं कहना चाहूंगा कि उनके झूठे वादों में बहक मत जाना।
इसके अलावा अखिलेश ने भाजपा के नोटबंदी के फैसले को गैरवाजिब फैसला बताया। उन्होंने कहा नोटबंदी के बाद आम जनता परेशान रही। लोग लाइनों में मर गए लेकिन भाजपा सरकार ने किसी की मदद नहीं की। वहीं मायावती को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि मायावती अब विकास की बात कह रही है जब उन्होंने हमारे विकास कार्योंं को देखा तो उन्होंने भी यह मुद्दा पकड़ लिया है। वे बोले लेकिन जनता इस पत्थरों वाली सरकार से सावधान रहे। उन्होंने कहा लखनऊ में जो हाथी लगवाए थे वे वैसे के वैसे ही है। चुटकी लेते हुए अखिलेश ने कहा, बुआ जी के हाथी से बचकर रहना कहीं घर में न घुस जाए। अगर हाथी घर में घुस गया तो तहस-नहस कर देगा।
सपा सरकार के विकास कार्योंं का जिक्र करते हुए अखिलेश ने आगरा-लखनऊ एक्स्प्रेस वे को एतिहासिक सड़क बताया। अखिलेश बोले, अमेरिका ने सड़के बनाई तो सड़को ने अमेरिका को बना दिया। हमने भी ऐसा सोचकर ही तमाम बड़े शहरो को जोड़ने के लिए दिल्ली से लेकर लखनऊ तक शहरों को जोड़ने का काम किया। इससे सीधा फायदा किसानों को मिलेगा।
उन्होंने कहा समाजवादी लोग काम जमीन पर उतारते हैं। इसलिए जनता को हम पर भरोस है। प्रदेश में एम्बूलेंस का काम शुरू कर दिया। और तो और आज कोई 100 नंबर पर कॉल करो तो दस से पन्द्रह मिनट के भीतर पुलिस मदद के लिए पहुंच जाती है।
उन्होंने कहा अक्सर शिकायतें हुआ करती थी कि फोन नहीं उठता और घटना पर पुलिस नहीं पहुंचती। कम से कम सपा सरकार ने उस समस्या को दूर कर दिया है। अब फोन जरूर उठेगा। जो थोड़ी बहुत लेनदेन की बुराई रह गई है उसे भी सपा सरकार जल्द ही ठीक कर देगी।
भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा जिन्होंने अच्छे दिन की बात कही थी उन्होंने लोगों को लाइन में लगा दिया। सारे प्रदेश के लोगों के पैसे जमा कर लिए। किसी के पास पांच सौ रुपए तक नहीं बचे। कालाधन के नाम पर मोदी सरकार ने लोगों का सारा पैसी जमा कर लिया। उन्होंने कहा काला- सफेद पैसा नहीं होता। काला सफेद आदमी का लेन-देन होता है।
लोग सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर सवाल उठाते हैं। मैं कहता हूं इस चुनाव कांग्रेस पार्टी का हाथ इस बार प्रदेश के विकास में सहायता करेंगा। लोग कहते हैं दो कुनबों का गठबंधन हुआ है। हम कहते हैं दो युवा नेताओं का गठबंधन हुआ है जो विकास के लिए काम करेंगे।
अखिलेश बोले पीएम मोदी ने कहा आपने मेंदाता का अस्पताल बनवाया उसमें ब्लड टेस्ट करवाना है। मैंने कहा आपको इतनी दूर जाने की जरूरत नहीं है। टेस्ट तो कही भी करवा देंगे। अखिलेश ने चुटकी लेते हुए कहा भाजपा को पहले चरण के मतदान के बाद से ही ब्लड प्रेशर की शिकायत होने लगी है।
अखिलेश ने कहा मैट्रो में घूमने की मंशा है तो बता दूं भाजपा के पास भारतीय रेलवे है जहां से मेट्रो को एनओसी मिलना है। पीएम मोदी की ओर इशारा कर अखिलेश ने कहा आप एनओसी दिलवाएं हम मेट्रो चला देंगे।
अखिलेश ने कहा पुलिस को आजादी के बाद से अब तक जितनी गाड़ियां सपा ने दी उतनी किसी सरकार ने नहीं दी है। मायवती कहती हैं पुलिस वालों की पोस्टिंग की समस्या दूर कर देंगी। कल पीएम मोदी आ रहे हैं पता नहीं कौनसा जुमला कह दें। इन दोनों से सावधान रहना।