फर्रुखाबाद, कन्नौज और हरदोई जिलों में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कांग्रेस-सपा गठबंधन की सीटों पर ही सबसे ज्यादा बयान देते नजर आये। अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस-सपा गठबंधन को करीब 300 सीटें मिलेगी और दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही मिडडे मील में बच्चों को प्रत्येक माह एक किलो देशी घी एवं एक किलो मिल्क पाउडर, गरीब महिलाओं को प्रेशर कुकर दिया जाएगा। जीटी रोड को फोरलेन बनाकर इससे कन्नौज, फर्रुखाबाद को बेवर या किसी अन्य जगह से जोड़ा जाएगा।
तिर्वा-कन्नौज फोरलेन को औरैया तक बनाया जाएगा। युवाओं की पढ़ाई के लिए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कौशल विकास केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। वह मंगलवार को फर्रुखाबाद, कन्नौज एवं हरदोई में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का हाथ इसलिए पकड़ा ताकि साइकिल की रफ्तार और बढ़ जाए। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि टीवी रेडियो पर मन की बात कहने वाले प्रधानमंत्री के मन की बात कोई नहीं जान पाया। ढाई साल में उन्होंने कोई काम की बात नहीं कही। केवल देश को गुमराह किया है। बीजेपी ने केवल सर्जिकल स्ट्राइक के बहाने जहर घोलने व समाज को बांटने का काम किया है। भाजपाई केवल साजिश व धोखा करते हैं। वहीं सपा का काम जमीन पर दिखता है। अखिलेश ने कहा कि नोट बंदी ने आलू किसानों को बर्बाद कर दिया। वे आलू आधारित उद्योग लगाने वालों को सहयोग करेंगे।
हरदोई के आईटीआई मैदान पर चुनावी सभा में अखिलेश यादव ने कहा कि किसी से छिपा नहीं है कि सपा किस दौर से गुजरी है। एक समय ऐसा भी आया कि जब लगा कि साइकिल चली जाएगी लेकिन सांसद नरेश अग्रवाल के सहयोग से सपा को साइकिल मिल गई। साइकिल न मिलती तो प्रधानी की तरह न जाने किस निशान पर चुनाव लड़ रहे होते। उन्होंने सपा-कांग्रेस तालमेल पर कहा कि हमारा गठबंधन दो कुनबों का नहीं बल्कि दो युवाओं की नई सोच व नए विकास का गठबंधन है। इस बार सरकार बनने पर गांवों को भी 24 घंटे बिजली दी जाएगी।