अकबरपुर से लोकसभा प्रत्याशी निशा सचान के समर्थन में रमईपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि नमो-नमो का जमाना गया। अब जय भीम का जमाना आ गया है। उन्होंने कहा कि अबकी बार चौकीदार की नौटंकी भी इन्हें नहीं बचा पाएगी। मायावती ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव को धार्मिक रंग देने का प्रयास किया है।
मायावती ने कहा कि भाजपा कांग्रेस मिले हुए हैं, छोटे दलों को सत्ता से दूर करने के लिए आपस में लड़ते हैं। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी लागू करके भाजपा ने कामगारों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी छीन ली। इस दौरान जनसभा में मायावती के भतीजे आनंद भी मौजूद रहे।