कानपुर। सपने बड़े हों तो छोटी-सी जगह भी हौसलों के लिए कम नहीं पड़ती। छोटे से घर में डार्ट्स बोर्ड लगाकर दिन-रात अभ्यास करने वाली 24 वर्षीय महिमा गौतम ने इसे सच कर दिखाया है। कभी पिस्टल थामकर निशानेबाजी में पहचान बनाने का सपना देखने वाली महिमा ने कोच की सलाह पर डार्ट्स को अपना लक्ष्य बनाया और लगातार मेहनत के दम पर एशिया की टॉप-10 खिलाड़ियों में जगह बना ली। ऐसा करने वाली वह उत्तर प्रदेश की पहली खिलाड़ी बनी हैं।
वर्ष 2022 में कॉलेज की दोस्त प्रतीक्षा के साथ कानपुर के कोयलानगर स्थित शूटिंग अकादमी पहुंची महिमा को वहां कोच शैलेश कुमार ने डार्ट्स खेलने के लिए प्रेरित किया। कुछ माह के अभ्यास के बाद उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीता और इसके बाद स्टेट व नेशनल चैंपियनशिप तक का सफर तय किया। शुरुआती दो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता नहीं मिलने के बावजूद महिमा ने अभ्यास जारी रखा। कोच की सलाह पर उन्होंने अपने छोटे से ही घर में ही डार्ट्स बोर्ड लगाया और नियमित अभ्यास किया।
स्टेट प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद कोलकाता और दिल्ली नेशनल में उन्हें निराशा मिली, लेकिन गोवा नेशनल में पदक जीतकर उन्होंने वापसी की। इसके बाद लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतते हुए उन्होंने अपनी रैंकिंग मजबूत की। कोलकाता में हाल ही में संपन्न इंडिया इंटरनेशनल ओपन डार्ट्स चैंपियनशिप के सिंगल्स मुकाबले में महिमा ने कोलकाता की टिया बनर्जी को 5-0 से हराया। इस जीत के साथ उन्होंने एशिया में नौवीं रैंक हासिल की। शुक्लागंज निवासी इलेक्ट्रिशियन विनोद कुमार और सुशीला गौतम की बेटी महिमा फिजिकल एजुकेशन की छात्रा हैं। अब उनकी नजरें अमेरिका के लास वेगास में होने वाले कॉमनवेल्थ और वर्ल्ड डार्ट्स मास्टर्स चैंपियनशिप पर हैं।
कोच ने तराशा लक्ष्य साधने का हुनर
महिमा के कोच शैलेश खुद अंतरराष्ट्रीय स्तर के डार्ट्स खिलाड़ी रहे हैं। उनका कहना है कि महिमा की एकाग्रता और स्टैंडिंग क्षमता मजबूत है। वह एक ही पोजीशन में लंबे समय तक स्थिर रहकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करती हैं, जिससे डार्ट्स बोर्ड पर सटीक एंगल बनाने में मदद मिलती है। एक-दो डार्ट्स अपेक्षित अंक पर नहीं लगने के बाद भी वह दबाव में बिखरने के बजाय जोरदार वापसी करने की क्षमता रखती है। घर में लगाए गए डार्ट्स बोर्ड पर लगातार अभ्यास ने उनकी तकनीक और सटीकता को निखारा, जिसका परिणाम अब एशिया की टॉप-10 रैंकिंग के रूप में सामने आया है।