कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 12 और 13 सितंबर को ‘एआई मंथन 2.0’ होगा। इसमें प्रदेश के सभी राज्य, कृषि, तकनीकी और चिकित्सा विश्वविद्यालयों के कुलपति, रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी, एआई नोडल अधिकारी, विषय विशेषज्ञ सहित 450 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। यहां शिक्षा, उद्योग, कृषि, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में एआई की उपयोगिता पर विचार विमर्श किया जाएगा।
सोमवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने एआई मंथन 2.0 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी समितियों को व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश की कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी।