कृषि क्षेत्र में उद्यमिता की शुरुआत करने वालों के लिए सुनहरा अवसर है। कानपुर के नवाबगंज स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में बुधवार से तीन दिवसीय ‘उत्थान : अ स्टार्टअप निर्माण एग्रीप्रिन्योरशिप कॉन्क्लेव’ शुरू होने जा रहा है।
देशभर के कई विशेषज्ञ और एशिया के बड़े स्टार्टअप इंवेस्टर्स और इंक्यूबेशन कंपनियों (उद्योग के लिए जगह उपलब्ध कराने वाली) के लोग शामिल होंगे। ये युवाओं, ग्रामीणों और महिलाओं के स्टार्टअप आइडिया को चयनित करके उन्हें उद्यमिता की तरफ बढ़ाएंगे। सर्वश्रेष्ठ आइडिया देने वाले को स्टार्टअप के लिए 20 करोड़ तक की आर्थिक मदद भी दी जाएगी।
यह आयोजन ‘अमर उजाला’, सीएसए और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की पहल पर हो रहा है। इसमें पहले से ही रजिस्ट्रेशन करा चुके लोग ही शामिल होंगे। इस विशेष कॉन्क्लेव में एमएसएमई के कई बड़े विशेषज्ञ प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। यह भी बताएंगे कि कैसे आर्थिक सहायता हासिल की जा सकती है।