कानपुर देहात। गेहूं गीला या गंदा होने पर केंद्र पर तत्काल रिजेक्ट नहीं किया जाएगा। केंद्र पर किसानों को गेहूं सुखाने और साफ करने का मौका मिलेगा। इससे किसानों को सहूलियत होगी।
गेहूं की सरकारी खरीद की तैयारी शुरू हो गई है। एक अप्रैल से 15 जून तक गेहूं की खरीद होगी। जिले में 47 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। किसानों को परेशानी न हो इसके लिए निर्देश दिए गए हैं। क्रय केंद्रों पर गेहूं का मानक नमूना उपलब्ध होगा। इसी नमूने के अनुसार किसान गेहूं क्रय केंद्र पर लाकर बेच सकेंगे। गीला या गंदा गेहूं लेकर पहुंचने वाले किसान को गेहूं सुखाने और साफ करने का मौका दिया जाएगा। केंद्र प्रभारी पर्याप्त व स्पष्ट कारण दर्शाकर ही मानक के अनुरूप न होने पर गेहूं अस्वीकृत कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें पोर्टल पर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि गेहूं खरीदने योग्य नहीं होने पर रिजेक्शन पंजिका में भी ब्योरा दर्ज कराना होगा। किसानों को अपीलीय अधिकारी से शिकायत का मौका मिलेगा। पंजिका में किसान का नाम, पता, मोबाइल नंबर का ब्योरा रखा जाएगा। अपीलीय अधिकारी क्षेत्रीय विपणन अधिकारी होंगे। कृषि विपणन निरीक्षक, केंद्र प्रभारी व दो स्वतंत्र किसानों को सदस्य बनाया गया है।