क्रय केंद्र पर होती गेहूं खरीद।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। बारिश से गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। कृषि विभाग के सर्वे में यह स्थिति सामने आई है। आठ फीसदी गेहूं की उपज प्रभावित होने की रिपोर्ट भेजी गई है। उम्मीद है कि जल्द गेहूं खरीद के मानक में छूट मिलेगी।
बारिश से गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित होने की स्थिति देखने को मिली थी। किसानों ने गेहूं का दाना हल्का होने व चमक फीकी पड़ने की बात कही थी। अपर खाद्य आयुक्त एवं रसद के निर्देश पर गेहूं की प्रभावित फसल का आकलन कराया गया। सर्वे में बेमौसम बारिश से आठ फीसदी गेहूं की फसल प्रभावित पाई गई। विस्तृत रिपोर्ट आयुक्त खाद्य एवं रसद को भेजी गई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि सर्वे में गेहूं का दाना कम पुष्ट होने व चमक प्रभावित होने की स्थिति पाई गई। मौजूदा समय में मानक औसत गुणवत्ता से दो से चार फीसदी तक कम चमक वाले गेहूं की भी क्रय केंद्र पर खरीद हो रही थी। रिपोर्ट के अनुसार मानक औसत गुणवत्ता में दस फीसदी तक की छूट मिल सकती है। छूट पर निर्णय जल्द होने की उम्मीद है।