कानपुर देहात। खेल निदेशालय व बास्केटबॉल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में खेली जा रही प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का माती स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में समापन हुआ। अंतिम दिन के खेल में प्रतिद्वंद्वी टीम वाराणसी को पराजित कर आगरा की टीम ने जीत का खिताब हासिल किया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 14 मंडलों की टीमों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कपिल सिंह ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दकी ने बताया कि पहली पाली में दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला आगरा और गोरखपुर के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में आगरा की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए गोरखपुर को 34-24 अंकों से पराजित किया और फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
वहीं, फाइनल मुकाबला आगरा और वाराणसी के बीच बेहद कड़ा रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और अंतिम क्षणों तक कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंत में आगरा की टीम ने वाराणसी को 23-22 अंकों के बेहद करीबी अंतर से शिकस्त देकर प्रतियोगिता के विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं वाराणसी की टीम उपविजेता रही। निर्णायक मंडल में नुरुद्दीन अहमद, उमेश साहू, उमेश कुमार, आदित्य, आर्यन और कुलदीप रहे। हॉकी संघ के सचिव देवेंद्र पॉल, बास्केटबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी सविता पांडेय, बॉक्सिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी पूनम शर्मा, फुटबॉल के वरिष्ठ खिलाड़ी राघव मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।