औरैया के दिबियापुर में 2 दिसंबर की रात हर्ष फायरिंग में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी कोटा डीलर को गिरफ्तार कर लिया। दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने बताया कि पुरवा मदा में हुई हर्ष फायरिंग में युवक की मौत के मामले में आरोपी राजेश उर्फ राजू यादव पुत्र गेंदालाल निवासी उटकपुरा फफूंद को गिरफ्तार कर लिया गया।
लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद नहीं हो पाई है। गांव पुरवा मदा गांव में 2 दिसंबर को रामसेवक यादव के बेटे रोहित उर्फ छोटे का तिलक आगरा के अहीर बरौली थाना ताजगंज से आया था। रात करीब साढ़े 8 बजे तिलकोत्सव का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच पड़ोस के गांव उटकपुरा निवासी डीलर राजू यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से लड़की के चचेरे भाई छोटे (22) पुत्र जयपाल सिंह निवासी बरौली अहीर, शमशाबाद रोड बरौली अहीर ताजगंज की मौत हो गई थी। मृतक के चाचा एवं लड़की के पिता नारायण सिंह पुत्र नत्थी निवासी अहीर बरौली थाना ताजगंज आगरा ने राजू यादव एवं दो अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।