शिवली। थाना क्षेत्र के मलिकपुर में टेंपो सवार बदमाशों ने बाइक सवार अगरबत्ती डीलर व उसके बेटे को पीटकर 50 हजार रुपये की नकदी लूट ली। पुलिस आपसी विवाद बताकर जांच करने की बात कह रही है।
शिवली मवैया निवासी सच्चिदानंद उर्फ कल्लन शुक्ला एक अगरबत्ती के डीलर हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर बेटे सचिन के साथ बाइक से कानपुर जा रहे थे। मलिकपुर गांव के सुरभि स्कूल के मोड़ के पास एक टेंपो वाले ने बकरी को टक्कर मार दी। इस पर सच्चिदानंद ने टेंपो वाले को रोक कर विरोध जताया तो टेंपो में बैठ चार-पांच लोगों ने बेटे को और उन्हें पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि मारपीट करने वालों ने जेब से 50 हजार की नकदी लूट कर भाग निकले। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले को आपसी विवाद बताते हुए लूट की घटना को टालती रही। चौकी इंचार्ज विकल्प चतुर्वेदी ने बताया कि जांच में कानपुर नगर के टिकरा में टेंपो चालक व उसके साथियों के साथ डीलर से विवाद के बाद मारपीट हुई है। वहां सीसीटीवी में घटना कैद हुई है। इंस्पेक्टर शिव नारायन सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध है। मारपीट की घटना होना पाया गया है, फिर भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।