फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: हादसे में घायल तीसरे युवक की मौत के बाद परिजन ने शव रखकर लगाया जाम

Wed, 18 Mar 2026 01:39 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रूरा। रूरा-शिवली मार्ग पर शनिवार रात को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत के बाद सोमवार को तीसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया था। घटना से नाराज परिजन ने मंगलवार सुबह सात बजे रूरा-शिवली मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। मुआवजा, पट्टा व सीएचसी में नौकरी दिए जाने की मांग करने लगे। राज्यमंत्री व पूर्व सांसद के आश्वासन के बाद भी परिजन नहीं मानें। काफी देर तक प्रशासन के समझाने पर नाराज परिजन ने साढ़े तीन घंटे बाद जाम खोल दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
विज्ञापन

शिवली थाना क्षेत्र के जुगराजपुर निवासी अनुराग पाल उर्फ कल्लू (32) शनिवार को चचेरे भाई सुमित (26) व पड़ोसी रूपेंद्र पाल (30) के साथ बाइक से दोस्त की शादी में शामिल होने के तिगाईं गए थे। घर लौटने के दौरान रात 12 बजे के करीब रूरा-शिवली मार्ग पर गहलौं के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में रूपेंद्र की मौके मौत हो गई थी। वहीं, अनुराग ने उसी रात हैलट कानपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सोमवार को सुमित की भी कानपुर के निजी अस्पताल में मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत से नाराज परिजन ने मंगलवार सुबह सात बजे रूरा-शिवली मार्ग पर जुगराजपुर सीएचसी के सामने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। नाराज परिजन व ग्रामीण पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, पांच-पांच बीघे जमीन का पट्टा व सीएचसी में नौकरी की मांग करने लगे। जानकारी पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी, तहसीलदार मैथा राजकुमार पांडेय रूरा व शिवली थाना का फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और परिजन को मदद दिलाने का आश्वासन दिया लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े रहे। परिजन के न समझने पर राज्यमंत्री व पूर्व सांसद मौके से चले गए। इसके बाद पुलिस के कड़ा रूख अपनाने पर परिजन ने सुबह 10:30 बजे के करीब घटना स्थल से शव उठाकर अंतिम संस्कार के लिए ले गए। यातायात सुचारू होने के बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन

.............
मैं कर रहा हूं मदद आप भी आगे आइए : पूर्व सांसद
सड़क पर जाम लगाकर हंगामा कर रहे परिजन ने राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी व प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन को अनदेखा कर दिया। इस दौरान अनिल शुक्ला वारसी ने सड़क पर हंगामा कर रहे लोगों को शांत करवाने के प्रयास के साथ कहा कि वह तो पीड़ित परिवार की हर प्रकार से मदद करने के लिए आए हैं। पूर्व सांसद ने अपनी जेब से 10 हजार रुपये निकाल कर पीड़ित परिवार की ओर बढ़ाते हुए शेष लोगों से भी मदद करने के लिए आगे आने के लिए कहा तो कोई भी व्यक्ति आगे नहीं आया। इसके बाद राज्यमंत्री व पूर्व सांसद मौके से चले गए।
.........................
वैकल्पिक मार्ग से वाहन गुजरने की जानकारी पर दूसरे स्थान भी किया जाम
मंगलवार सुबह सात बजे जुगराजपुर सीएचसी के सामने रूरा-शिवली मार्ग जाम हो जाने के कुछ देर बाद वाहन सवार गहलौं मोड़ से मुड़कर काशीपुर व गहलौं गांव से होकर गुजरने लगे तो नाराज परिजन व ग्रामीणों ने वहां भी जाम लगा दिया। इससे वाहन सवारों को ज्यादा देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं नाराज भीड़ को समझा रहे एसडीएम से वहां मौजूद किसी एक युवक ने बोल दिया कि एसडीएम साहब यदि घटना आपके बेटे के साथ हो जाती तो आप क्या करते। इस पर मौके पर मौजूद एक इंस्पेक्टर ने अधिकारियों से अभद्रता करने का विरोध जताते हुए कड़ा रुख अपनाया तो परिजन पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप लगाने लगे।
................................
वर्जन.................
घटना के दिन ही पीड़ित परिवार को मदद दिलाने के लिए लेखपाल को मौके पर भेजकर जांच करवाई थी। पीड़ित परिवार को कृषक दुर्घटना बीमा के तहत पांच-पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता व कानूनी तौर पर संभव हर प्रकार की सहायता दिलाई जाएगी। सत्यापन कराने के बाद मृतकों के परिवार वालों को पारिवारिक लाभ व अन्य जो मदद होगी वो दिलाई जाएगी। - राजकुमार पांडेय, तहसीलदार मैथा
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें