कुलदीप सिंह सेंगर प्रकरण में उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता ने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद देते हुए कहा कि इंसाफ दिलाने के लिए उन्होंने आवाज उठाई और अनशन किया। उन्हीं के प्रयासों का नतीजा है कि उसे एक बहुत शक्तिशाली व्यक्ति व नेता से कानूनी लड़ाई में जीत मिल सकी।
हालांकि उसे इस बात की टीस है कि अगर पुलिस और अधिकारी विधायक के दबाव में न आते और उसकी शिकायतों पर कार्रवाई करते न्याय बहुत पहले ही मिल जाता और शायद इंसाफ की इस लड़ाई में उसने पिता, चाची, मौसी को न खोया होता। पीड़िता ने फोन पर बात करते हुए बताया कि मुझे सीबीआई और न्याय पालिका पर विश्वास था।
जांच जब पुलिस से सीबीआई को ट्रांसफर हुई तभी न्याय मिलने की उम्मीद नजर आने लगी थी। इसके बाद जब सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मुकदमा लखनऊ से दिल्ली ट्रांसफर हुआ और जल्द सुनवाई पूरी करने के आदेश दिए गए तब विश्वास हो गया कि सच्चाई की जीत होगी। आज न्याय पाकर बहुत अच्छा लगा।