कानपुर देहात इलाके पुखरायां में दुष्कर्म से क्षुब्ध छात्रा (15) ने मंडी क्रासिंग पर ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दे दी। पिता ने मूसानगर थाने में गांव के एक युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रेलवे लाइन किनारे खड़ी किशोरी ने कानपुर से झांसी जा रही उद्योग नगरी एक्सप्रेस के सामने छलांग लगाई। रेलवे कर्मी पूरन ने जीआरपी के भीमसेन थाने को सूचना दी।
बृहस्पतिवार शाम चार बजे तलाश करते पहुंचे मूसानगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने शव देखकर पुत्री के रूप में पहचान की। बताया कि पुत्री कक्षा नौ में पढ़ती थी। 13 सितंबर की रात गांव के युवक ने घर में घुसकर बेटी के साथ दुष्कर्म किया था।
पत्नी के पहुंचने पर आरोपी भाग गया। इस घटना से बेटी क्षुब्ध थी और गुरुवार को स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी और ट्रेन से कटकर जान दे दी। एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।