कानपुर के गोविंदनगर थाना क्षेत्र निवासी बीए सेकेंड ईयर के छात्र ने एक ज्योतिषाचार्य से अपना भविष्य जानने के बाद फांसी लगा ली। ज्योतिषाचार्य ने उससे कह दिया था कि भविष्य में कभी नौकरी नहीं लगेगी। इसी बात से वह परेशान था।
दबौली निवासी प्राइवेट कर्मचारी बबलू पत्नी और बेटों अंकित बाजपेई (24) और हर्षित के साथ किराये पर रहते थे। छोटे बेटे हर्षित ने पुलिस को बताया कि अंकित ने कुछ दिन पहले किसी ज्योतिषाचार्य को अपनी जन्मकुंडली दिखाई थी।
ज्योतिषाचार्य ने उसे बताया था कि उसकी कुंडली में संकटा की दशा है। कभी नौकरी नहीं लगेगी। इस बात से वह काफी हताश था। अक्सर गुमसुम रहने लगा। शनिवार दोपहर मां बाजार गई थी। वह छत पर पढ़ रहा था।
कुछ देर बाद नीचे आया तो कमरे का दरवाजा बंद था। खटखटाने के बाद भी कोई आवाज नहीं आई तो दरवाजे के ऊपर से कमरे के अंदर कूदा। यहां अंकित का शव पंखे के कुंडे से चादर के सहारे लटका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।