पुलिस भर्ती परीक्षा में दो नंबर से फेल होने के बाद से अवसाद में चल रही युवती ने बिधनू स्थित अपने घर में बुधवार तड़के फंदे से लटककर जान दे दी। आत्महत्या से पहले मंगलवार देर रात तक युवती छोटी बहन के साथ एक ही कमरे में पढ़ाई करती रही। परिजनों की सूचना पहुंची पुलिस ने फाॅरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
बिधनू क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी नागेंद्र सिंह खेतीबाड़ी करते हैं। पत्नी सोभा गांव के प्राथमिक स्कूल में शिक्षामित्र हैं। नागेंद्र के मुताबिक बड़ी बेटी सृष्टि (20) बीएससी करने के साथ बीते तीन साल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थी। नवंबर महीने में आए सिपाही भर्ती परीक्षा के परिणाम में वह दो नंबर से फेल हो गई। इसके बाद से वह गुमसुम रहने लगी थी।
परिजनों ने उसे फिर से प्रयास करने की बात कहकर समझाया भी था। मंगलवार देर रात तक सृष्टि छोटी बहन दृष्टि के साथ एक ही कमरे में पढ़ाई करती रही। इसके बाद दृष्टि सो गई और सृष्टि ने फंदा लगाकर जान दे दी। बुधवार सुबह झाड़ू लगाने के लिए उठी मां सोभा ने सृष्टि का शव कमरे के जंगले के सहारे दुपट्टे से लटका देखा तो अचेत हो गई। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।